Apple Watch ने गर्भवती महिला और उसके अजन्मे बच्चे की जान बचाने में की मदद, दिल की धड़कन बढ़ने पर किया अलर्ट

  • Apple Watch ने गर्भवती महिला और उसके अजन्मे बच्चे की जान बचाने में की मदद, दिल की धड़कन बढ़ने पर किया अलर्ट
You Are HereGadgets
Friday, September 6, 2024-3:21 PM

गैजेट डेस्क. Apple Watch कई आपातकालीन स्थितियों में महत्वपूर्ण साबित हुई है। यह हार्ट रेट मॉनिटरिंग, गिरने का पता लगाने और आपातकालीन कॉल करने जैसी सुविधाओं के साथ आती है। हाल ही में एक मामला सामने आया है, जो इस डिवाइस की जीवन-रक्षक क्षमताओं को उजागर करता है। इस वॉच के EKG फीचर ने एक गर्भवती महिला और उसके अजन्मे बच्चे की जान बचाई। चलिए जानते हैं पूरा मामला...

रिपोर्ट के अनुसार, एप्पल वॉच ने राचेल मनलो और उनके बच्चे की जान बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। दरअसल, मनलो 33 हफ्ते गर्भवती थीं और अचानक उनके दिल की धड़कन तेज हो गई। इस स्थिति से मनलो को असहजता महसूस होने लगी और उन्होंने एप्पल वॉच के EKG (इलेक्ट्रोकार्डियोग्राम) फीचर का उपयोग किया।

मनालो को काफी समय से चक्कर आ रहे थे और उनकी सांस भी फूल रही थी। उन्होंने इन लक्षणों को पहले आम गर्भावस्था के लक्षण मानकर नजरअंदाज कर दिया था। हालांकि, जब उनकी दिल की धड़कन 150 बीट प्रति मिनट तक पहुंच गई, तो उन्हें चिंता हुई। एक हृदय रोग विशेषज्ञ होने के नाते मनलो ने महसूस किया कि यह स्थिति गंभीर हो सकती है।

एप्पल वॉच ने उनकी तेज धड़कन के बारे में अलर्ट किया, जिसके बाद उन्होंने तुरंत मेडिकल हेल्प ली। अस्पताल में जाकर उनका इलाज किया गया और उन्होंने स्वस्थ तरीके से एक बेटी को जन्म दिया। इस घटना ने साबित कर दिया कि एप्पल वॉच की स्वास्थ्य निगरानी सुविधाएं कितनी महत्वपूर्ण और जीवन-रक्षक हो सकती हैं।

Apple Watch कैसे ट्रैक करता है हार्टबीट

एप्पल वॉच में एक ऑप्टिकल हार्ट रेट सेंसर होता है, जो पूरे दिन यूजर की हार्टबीट को ट्रैक करता है। जब यूजर कोई शारीरिक गतिविधि जैसे जॉगिंग, एक्सरसाइज आदि करता है, तो वॉच विशेष रूप से हार्टबीट की निगरानी करती है।

एप्पल वॉच के बैक साइड पर हरी लाइट होती है। यह हरी लाइट ब्लड फ्लो को मापती है। इसके अलावा वॉच ऑक्सीजन लेवल, आराम की स्थिति और मेडिटेशन आदि को भी ट्रैक करती है। अगर वॉच को किसी स्वास्थ्य संबंधित खतरे का संकेत मिलता है, तो यह यूजर को अलर्ट भेज देती है। इस तरह एप्पल वॉच आपकी स्वास्थ्य स्थिति पर नज़र रखती है और जरूरी समय पर आपको सूचित करती है।


Edited by:Parminder Kaur