भारत के 13 वीवीआईपी के iPhone में मैलवेयर अटैक!

  • भारत के 13 वीवीआईपी के iPhone में मैलवेयर अटैक!
You Are HereGadgets
Saturday, July 14, 2018-2:38 PM

जालंधर- कमर्शल थ्रेट इंटेलिजेंस ग्रुप सिसको टालोज के शोधकर्ताओं ने बताया है कि भारत के 13 अतिविशिष्ट लोगों (VVIPs) के iPhone में malware के जरिए व्हाट्सएप, लोकेशन, चैट लॉग, तस्वीर और कॉन्टैक्ट्स जैसी जानकारियां चुराई गई हैं। हालांकि अब तक इन 13 लोगों की पहचान नहीं हो पाई है। वहीं एक्सपर्ट्स को आशंका है कि iPhone में सेंध लगाने वाला भारत में हो सकता है लेकिन उसने खुद को रूस का दिखाने की कोशिश की है। ऐसा इसलिए क्योंकि इस पूरी गतिविधि में उसने रूसी नाम और रूस के ईमेल डोमेन का इस्तेमाल किया है। इसे अंजाम देने वालों के दो पर्सनल डिवाइसों में भारत के वोडाफोन नेटवर्क के फोन नंबर का इस्तेमाल हुआ है।

 

PunjabKesari
एेसे किया अटैक 

एक्सपर्ट्स ने दावा किया है कि आईफोन पर हमला करने वालों ने एक ओपन सोर्स मोबाइल डिवाइस मैनेजमेंट सिस्टम (MDM) तैयार किया। इसकी मदद से 13 डिवाइसों तक पहुंच बनाई गई। टालोज सिक्यॉरिटी के टेक्निकल लीडर वॉरन मर्सर ने कहा कि अटैकर ने वैधानिक एप्स जैसे व्हाट्सएप और टेलिग्राम में अलग से फीचर्स जोड़ने की एक निश्चित तकनीक का इस्तेमाल किया। फिर टारगेट किए गए 13 iPhone में MDM द्वारा इन्हें भेजा गया।

 

PunjabKesari

 

ब्लैकमेल या रिश्वतखोरी

बताया जा रहा है कि iPhone से जो सूचनाएं चुराई गईं है उनका इस्तेमाल इसके मालिकों को ब्लैकमेल करने या रिश्वतखोरी के लिए किया जा सकता है। लिनक्स/यूनिक्स सिस्टम ऐडमिनिस्ट्रेटर्स की ऑनलाइन कम्युनिटी निक्सक्राफ्ट ने टालोज के रिसर्ज को कोट करते हुए ट्वीट किया कि जिस तरह की तैयारी हुई और समय खर्च हुआ उसे देखकर लगता है कि ये जरूर ही VVIPs के iPhone होंगे। 

 

PunjabKesari

 

आईफोन की सुरक्षा पर उठे सवाल

सिक्युरिटी रिसर्चर किरन जोनलगड्डा ने कहा कि इस हमले से यह स्पष्ट है कि आईओएस डिवाइस असुरक्षित है। वहीं तेलंगाना सीआईडी सुपरिटेंडेंट ऑफ पुलिस यू राममोहन ने एक अखबार से बातचीत में कहा कि आईफोन की सुरक्षा में सेंध लगाना दुर्लभ मामला है। बता दें कि अाईफोन को दुनियाभर में सबसे सुरक्षित फोन माना जाता है। 


Edited by:Jeevan

Latest News