चीन में दुनिया का सबसे बड़ा साइकिल एक्सपो शुरू

  • चीन में दुनिया का सबसे बड़ा साइकिल एक्सपो शुरू
You Are HereGadgets
Saturday, May 7, 2016-10:48 AM

जालंधर: भारत में बढ़ रहे हाई एंड साइकिल के चलन के बीच दुनिया अब इलैक्ट्रानिक साइकिल की तरफ बढऩे लगी है। दुनियाभर में ई-साइकिल के चलन का यह नजारा शंघाई में लगाई गई साइकिल एग्जीबिशन में देखने को मिला। इस एग्जीबिशन में पिछले साल के मुकाबले 25 फीसदी ज्यादा ई-साइकिंलिंग निर्माता हिस्सा ले रहे हैं। इस साल एग्जीबिशन में कुल 1322 कम्पनियां हिस्सा ले रही हैं और कुल 6853 बूथ लगाए गए हैं। इसके अलावा पूरी साइकिल बनाने वाली 266 कम्पनियों ने भी यहां बूथ लगाए हैं। 

इस साल करीब 250 कम्पनियां ऐसी हैं जिन्होंने पहली बार यहां अपने बूथ लगाए हैं। ये कुल कम्पनियों का करीब 18 फीसदी बनता है। दुनियाभर में मंदी की आंधी के बीच चीन के लिए यह खबर राहत वाली रही। कई इंडस्ट्री के लोग अपने उत्पादों की प्रदर्शनी के लिए शंघाई को बेहतर विकल्प मान रहे हैं। शंघाई के जिस नैशनल एग्जीबिशन एंड कन्वैंशन सैंटर में यह साइकिल मेला लगा है। जो 14.7 मिलियन यानि करीब 14 लाख 70 हज़ार वर्ग मीटर फैला है। 

शंघाई में दिखी साइकिल के भविष्य की झलक

- पूरी साइकिल बनाने वाली 266 कम्पनियां

- इलैक्ट्रानिक साइकिल और पुर्जे बनाने वाली 130 कम्पनियां 

- साइकिंलिंग एक्यूपमैंट बनाने वाली 181 कम्पनियां

- साइकिलों के पुर्जे बनाने वाली 691 कम्पनियां

भारत से 19 कम्पनियां ले रहीं हिस्सा 

शंघाई में चाइना साइकिल 2016 में लगाए गए कुल 6853 बूथों में से भारतीय कम्पनियों ने सिर्फ 19 बूथ लगाए हैं। ये कुल बूथों का महज 2 फीसदी से कुछ ज्यादा है जबकि 98 फीसदी बूथ अन्य देशों के हैं। इन बूथों में सबसे ज्यादा कम्पनियां भी चीन की हैं। इस एग्जीबिशन को देखने के बाद पता लगता है कि साइकिल निर्माण के मामले में भारत चीन के मुकाबले में कहीं खड़ा नहीं है। शंघाई में बूथ लगाने वाली भारतीय कम्पनियों की सूची इस प्रकार है। 

एशिया साइकिल इंडस्ट्री, एटलस साइकिल (हरियाणा लिमिटेड), एवन साइकिल लिमिटेड, गोल्ड स्टार इंडस्ट्रीज, गोबिंद रबड़, हार्ट एक्स रबड़ प्रा.लि., हीरो साइकिल इंडस्ट्री, हीरो एक्सपोट, जगराओं ग्लोबल, महाजन टायर, मैट्रो टायर लि., एम.आर. इंटरनैशनल, प्रिंस स्टील इंडस्ट्रीज, रॉयलसन इंडिया लिमिटेड, स्पीड वेज, व्हील पब्लिकेशन एंड एक्सपोटेशन प्रा.लि.। 

शंघाई में लगी इस प्रदर्शनी के प्रति दुनियाभर के साइकिल निर्माताओं में दीवानगी देखी गई। इस साल प्रदर्शनी में कुल 20 देश हिस्सा ले रहे हैं जिनमें भारत भी शामिल है। प्रदर्शनी में हिस्सा ले रहे देशों की सूची इस प्रकार है। ऑस्ट्रेलिया, पाकिस्तान, जर्मनी, फ्रांस, कोरिया, हॉलैंड, बंगलादेश, जापान, श्रीलंका, स्पेन, थाईलैंड, सिंगापुर, चीन, इंडिया, इंडोनेशिया, इटली, हांगकांग, मकाओ, ताईवान

शंघाई में लगी इस एग्जीबिशन को देखने के लिए दुनिया के करीब 110 देशों के लोग यहां पहुंचे हैं। आयोजक इस साल एग्जीबिशन के दौरान 2 लाख से ज्यादा लोगों के पहुंचने की उम्मीद कर रहे हैं। पिछले साल इस एग्जीबिशन में करीब डेढ़ लाख लोगों ने हिस्सा लिया था। 


Latest News