Saturday, March 12, 2016-12:56 PM
जालंधर : एप्पल 21 मार्च को इवैंट करने वाला है। वैसे तो हर साल कम्पनी अगस्त में आईफोन लांच इवैंट रखती है लेकिन इस बार 21 मार्च को होने वाले इवैंट में एप्पल नया आईफोन लांच करने वाली है। एप्पल का यह नया स्मार्टफोन आईफोन 5एसई होगा और इसकी कीमत भी कम होगी। एप्पल के इवैंट से क्या क्या उम्मीद की जा रही है, डालते हैं इन बातों पर नजर :-
छोटा आईफोन
एप्पल ने आईफोन 5एस को 2013 में लांच किया था और माना जा रहा था कि कम्पनी आईफोन 6सी माॅडल लेकर आएगी लेकिन ऐसा हुआ नहीं। अब इस इवैंट से उम्मीद है कि कम्पनी आईफोन 5एसई को लांच करेगी। इसमें 4 इंच की स्क्रीन साइज के अलावा बाकी के फीचर्स आईफोन 6 और 6एस जैसे होंगे और इसे छोटा आईफोन 6 भी कहा जा सकता है।
छोटा आईपैड प्रो
एप्पल आईपैड प्रो का 9.7 इंज वाला छोटा वर्जन लांच कर सकती है। 9to5Mac की रिपोर्ट के मुताबिक इस बात की जानकारी मिली है कि पिछले साल लांच हुए आईपैड के प्रो वर्जन की तरह इसमें चार स्पीकर्स, स्टाइलस, तेज प्रोसैसर, ज्यादा रैम और 128 जीबी तक की स्टोरेज मिलेगी।
एप्पल वाच के लिए नए बैंड्स
लगभग साल पहले एप्पल ने 'एप्पल वाच' को लांच किया था लेकिन इसके नए वर्जन के बारे में फिलहाल कोई जानकारी नहीं है। हालांकि रिपोर्ट के मुताबिक इस इवैंट में एप्पल वाच के लिए नए बैंड्स देखने को मिलेंगे जिसमें नए रंग, प्रीमियम मैटीरियल से बने बैंड्स और हाई फैशनेबल बैंड्स हो सकते हैं जिन्हें कम्पनियों के साथ मिल कर बनाया जाएगा। इसके अलावा वाच ओएस का नया अपडेट भी पेश किया जा सकता है।
देखने को मिल सकता है नया आई.ओ.एस. अपडेट
इसके अलावा आईओएस में नया अपडेट पेश किया जा सकता है या फिर ऐसा हो सकता है कि नए अपडेट के बारे में जानकारी दी जाए। ऐसा भी हो सकता है कि नए आईओएस अपडेट में बग फिक्स करने के साथ परफार्मैंस में और भी सुधार की पेशकश कर दी जाए।