टेक डेस्क: दिग्गज टेक कंपनी एप्पल (Apple) ने अपने मैकबुक प्रो (MacBook Pro) में टचस्क्रीन सपोर्ट जोड़कर सालों पुरानी अपनी रणनीति को बदल दिया है। कंपनी ने अपने 'प्रो एंड टेल' (Pro and tell) इवेंट के दौरान पहला टचस्क्रीन मैकबुक प्रो आधिकारिक तौर पर लॉन्च कर दिया है। यह नया लैपटॉप ओलेड (OLED) डिस्प्ले, टच जेस्चर और एप्पल की नई M5 Pro व M5 Max प्रोसेसर्स के साथ पेश किया गया है। नए मॉडल में टचस्क्रीन की सुविधा देने के साथ-साथ पारंपरिक कीबोर्ड और ट्रैकपैड का अनुभव भी बरकरार रखा गया है।
भारत में कीमत और उपलब्धता
भारत में नए मैकबुक प्रो के 14-इंच मॉडल की कीमत ₹3,49,900 रखी गई है, जबकि इसके 16-इंच मॉडल की कीमत ₹4,09,900 तय की गई है। यह नया लैपटॉप भारत में 9 नवंबर से बिक्री के लिए उपलब्ध होगा।
टचस्क्रीन में क्या है खास? अब आईफोन की तरह मिलेगा 'डायनामिक आइलैंड'
नया टचस्क्रीन डिस्प्ले यूजर्स को सीधे स्क्रीन पर डॉक्यूमेंट्स स्क्रॉल करने, तस्वीरों को जूम करने, ड्राइंग करने और कंटेंट को एनोटेट करने की सुविधा देता है। इसके अलावा 3D मॉडल्स और म्यूजिक प्रोडक्शन के दौरान उंगलियों की मदद से सीधे कंट्रोल्स एडजस्ट किए जा सकते हैं।
कंपनी ने इस टच इंटरेक्शन के लिए इंटरफेस को री-डिजाइन किया है और पहली बार मैकबुक में आईफोन का लोकप्रिय फीचर डायनामिक आइलैंड (Dynamic Island) शामिल किया है। इसके जरिए यूजर्स स्क्रीन के ऊपरी हिस्से से ही स्पॉटलाइट सर्च, लाइव एक्टिविटीज और म्यूजिक कंट्रोल्स तक तुरंत पहुंच सकेंगे।

PROLED XDR डिस्प्ले और 2,000 निट्स की ब्राइटनेस
लैपटॉप में नया टेंडेम ओलेड डिस्प्ले दिया गया है, जिसे एप्पल ने PROLED XDR नाम दिया है। यह डिस्प्ले बेहतर कलर एक्यूरेसी, गहरे ब्लैक टोन और मजबूत कंट्रास्ट का वादा करता है। इसमें 120Hz ProMotion रिफ्रेश रेट और HDR कंटेंट के लिए 2,000 निट्स की पीक ब्राइटनेस मिलती है। रिफ्लेक्शन (चमक) को कम करने के लिए इसमें नैनो-टेक्सचर का विकल्प भी दिया गया है।
M5 Pro और M5 Max चिप्स: AI और भारी टास्क के लिए बेजोड़ पावर
नया मैकबुक प्रो M5 Pro और M5 Max चिप्स से संचालित होता है, जो वीडियो एडिटिंग, 3D रेंडरिंग, सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट और एआई (AI) वर्कलोड जैसे भारी कामों के लिए डिजाइन की गई हैं। एआई-संबंधित कामों की रफ्तार बढ़ाने के लिए इनके जीपीयू कोर में न्यूरल एक्सीलेरेटर (Neural Accelerators) दिए गए हैं। लैपटॉप में 16TB तक स्टोरेज का विकल्प दिया गया है, जिसकी स्पीड पहले से दोगुनी होने का दावा किया गया है।
24 घंटे की बैटरी लाइफ और आधुनिक कनेक्टिविटी
एप्पल का दावा है कि नया मैकबुक प्रो 24 घंटे तक की बैटरी लाइफ देता है और केवल 30 मिनट में 50 प्रतिशत तक चार्ज हो जाता है। इसमें री-डिजाइन थर्मल सिस्टम, 6-स्पीकर ऑडियो सेटअप, 3-माइक ऐरे, और Wi-Fi 7 व Bluetooth 6 का सपोर्ट मिलता है। कनेक्टिविटी के लिए HDMI, SDXC कार्ड स्लॉट, MagSafe 3, हेडफोन जैक और तीन Thunderbolt 5 पोर्ट्स दिए गए हैं।
स्टीव जॉब्स और टिम कुक के रुख में आया ऐतिहासिक बदलाव
टचस्क्रीन मैकबुक लॉन्च करना एप्पल की रणनीति में एक बड़ा बदलाव माना जा रहा है, क्योंकि कंपनी लंबे समय तक टचस्क्रीन लैपटॉप का विरोध करती रही है। वर्ष 2010 में कंपनी के सह-संस्थापक स्टीव जॉब्स ने टचस्क्रीन लैपटॉप को "ऑर्गनॉमिकली टेरिबल" (इस्तेमाल में असुविधाजनक) बताया था।
वहीं 2012 में मौजूदा सीईओ टिम कुक ने टैबलेट और लैपटॉप को जोड़ने के विचार की तुलना टोस्टर और रेफ्रिजरेटर को मिलाने से की थी। कंपनी ने 2016 में टच बार (Touch Bar) का प्रयोग किया था, लेकिन 2021 में भौतिक फंक्शन कीज वापस लाकर 2023 में टच बार को बंद कर दिया था। अब कंपनी ने मैकबुक में डायरेक्ट टच इंटरेक्शन देकर एक नया अध्याय शुरू किया है।
Edited by:Pardeep