Thursday, February 4, 2016-11:10 AM
जालंधर : भारत में पिछले 12 वर्षों से ऑटो एक्सपो शो होता आ रहा है जिसमें कई बड़े ऑटो मेकर ब्रांड अपने नए मॉडल्स को पेश करते हैं। इस साल का Auto Expo 2016 भी हमारे लिए बहुत कुछ खास लेकर आया है। 3 फरवरी को शुरू हुए ऑटो एक्सपो 2016 में पहले दिन टाटा, मर्सडीज बैंज और मारुति जैसे 4 व्हीलर ब्रांड्स के साथ-साथ सुजूकी, हीरो, महिंद्रा और यामाहा जैसे 2 व्हीलर ब्रांड्स ने अपने नए मॉडल्ज की प्रदर्शनी लगाई। पहले दिन ऑटो एक्सपो 2016 में क्या-क्या खास हुआ, इस बारे बताते हुए यह हैं शो की कुछ खास प्रदर्शनियां
शो की शुरूआत में सबसे पहले मारुति सुजूकी ने अपने एस.यू.वी. कॉन्सैप्ट विटारा ब्रेजा को पेश किया है। भारतीय इंजीनियरिंग का एक बेहतरीन नमूना कही जाने वाली विटारा ब्रेजा काफी एग्रैसिव शेप रखती है। भारतीय बाजार में इसकी कीमत 6.79 लाख से 13.77 लाख रुपए तक होगी।
देश की सबसे बड़ी वाहन बनाने वाली कम्पनी टाटा मोटर्स की लग्जरी कार जगुआर लैंड रोवर इंडिया लिमिटेड के प्रधान रोहित विद्वान ने ऑटो एक्सपो में आज मशहूर स्पोटर्स सलून जगुआर एक्स.ई. पेश की। इस कार के 2 मॉडल पेश किए गए हैं। पहले मॉडल में 2.0 लीटर 147 किलोवाट टर्बो चाज्र्ड पैट्रोल इंजन है और दूसरे में 2.0 लीटर 177 किलोवाट टर्बो चाज्र्ड पैट्रोल इंजन है। इनमें 8-स्पीड इलैक्ट्रॉनिक आटोमैटिक ट्रांसमिशन है। दोनों पेट्रोल वेरियंटस की कीमत 46.50 लाख और 39.90 लाख है।
हीरो मोटोकॉर्प कम्पनी के प्रधान, प्रबंध निदेशक और मुख्य कार्यकारी अधिकारी पवन मुंजाल ने आज 13वें ऑटो एक्सपो में 3 नई मोटरसाइकिल्स स्पलैंडर आई-स्मार्ट 110, एक्स्ट्रीम 200 एस और एक्स.एफ. 3-आर. के साथ एक इलैक्ट्रिक स्कूटी डूएट-ई को प्रदर्शित किया है। इसी दौरान सुजूकी मोटरसाइकिल इंडिया ने अपने स्कूटर ‘एक्सैस 125’ का एक नया मॉडल पेश किया है। इसमें रियर डिस्क ब्रेक के साथ ‘जिक्सर’ सीरिज में भी सुधार किया गया है। कम्पनी ने कहा कि नई एक्सैस 125 अप्रैल से भारतीय बाजार में उपलब्ध होगी।
इसके अलावा मर्सडीज बैंज ने भी पीछे न हटते हुए अपने 2 माडल जी.एल. सी. (एस.यू.वी.) और एस. क्लास कैब्रियोलेट पेश किए। इसके साथ ही प्रदर्शनी में ए-200 डी, 200 डी, ए.एम.जी. सी.एल.ए. 4 एस और डी.एल.ई. कूपे 450 ए.एम.जी. भी आकर्षण का केंद्र बन रही हैं। इसके अलावा होंडा मोटरसाइकिल एंड स्कूटर इंडिया (एच.एम.एस.आई.) के सीनियर उप-प्रधान (बिक्री और सप्लाई) वाई.एस. गुलेरिया ने आज ऑटो एक्सपो में 110 सी. सी. मोटरसाइकिल NAVI पेश की है। NAVI के लिए बुकिंग आज से शुरू हो गई है जबकि इसकी डिलीवरी अप्रैल से शुरू होगी। इसकी दिल्ली शोरूम में कीमत 39,500 रुपए रखी गई है।
इसके साथ-साथ जिप ग्रेड चिरूकी और जिप रैगुलर भी भारतीय बाजार में आकर्षण का केंद्र बनेंगी। 1.5 लाख कीमत के साथ अब यू.एम. मोटरसाइकिलें भी भारतीय बाजार में कदम रखने जा रही हैं। ऑडी ने भी आज आर.एस. 7और आर.एस. 8 मॉडल के साथ शो में अपनी शुरूआत की है।
9 फरवरी तक चलने वाले ऑटो एक्सपो 2016 शो के साथ जुड़ी हर खबर हम आप तक पहुंचाते रहेंगे एवं इसके साथ संबंधित ताजा जानकारी के लिए आप हमारी वैबसाइट पर जाकर देख सकते हैं।