Monday, June 24, 2019-11:57 AM
गैजेट डैस्क: अमरीका के एक रेस्तरां में एक डॉक्टर ने अपनी कलाई पर बंधी ‘एप्पल वॉच सीरीज-4’ की मदद से एक व्यक्ति के शरीर में आर्टरी फाइब्रिलेशन (ए.-फिब) का पता लगा कर उसका जीवन बचा लिया। यह अपनी तरह का पहला मामला है। ‘ए.-फिब’ एक घातक स्थिति है, जिसका इलाज नहीं किया जा सकता और इससे दिल का दौरा पड़ सकता है। अक्सर इस स्थिति का पता नहीं चल पाता, क्योंकि कई लोगों को इसके लक्षणों का एहसास नहीं होता। एप्पल वॉच पर ‘इर्रैगुलर रिदम नोटीफिकेशन’ फीचर हृदय गति की रिदम जांच सकता है और नोटीफिकेशन भेज सकता है कि हृदय की अनियमित रिदम का कारण ‘ए.-फिब’ है या नहीं।
कैलिफोर्नियां के सान डियागो में नेत्र विशेषज्ञ टॉमी कॉर्न ने ट्वीट किया, ‘‘एक फिजीशियन के तौर पर, बीमारी का पता लगाने के लिए किसी सार्वजनिक स्थान पर ई.सी.जी. मशीन ढूंढने से जल्दी अपनी एप्पल वॉच-4 को किसी और की कलाई पर रखा जा सकता है।’’ एप्पल वॉच सीरीज-4 अब अमरीका, यूरोप और हांगकांग में धीमी या तेज हृदय गति का एहसास कर रहे यूजर्स का इलैक्ट्रोकार्डियोग्राम (ई.सी.जी.) उनकी कलाई से कुछ ही क्षणों में उनकी हृदय गति की लय को समझने और फिजीशियन को महत्वपूर्ण जानकारी देने में मदद कर रहा है। एप्पल वॉच का यह स्वास्थ्य फीचर फिलहाल भारत में उपलब्ध नहीं है।
Edited by:Hitesh