iPhone के बाद अब ‘स्मार्ट इकोसिस्टम’ की तैयारी… AI से लैस 3 नए गैजेट्स पर तेजी से काम कर रहा Apple

  • iPhone के बाद अब ‘स्मार्ट इकोसिस्टम’ की तैयारी… AI से लैस 3 नए गैजेट्स पर तेजी से काम कर रहा Apple
You Are HereGadgets
Wednesday, February 18, 2026-8:28 PM

नेशनल डेस्क : टेक दिग्गज Apple Inc. अपने iPhone के इकोसिस्टम को और मजबूत बनाने की बड़ी योजना पर काम कर रहा है। कंपनी चाहती है कि यूजर के हाथ में iPhone हो तो उसके साथ ऐसे स्मार्ट गैजेट्स भी हों जो एक-दूसरे से कनेक्टेड हों और नई पीढ़ी के Siri डिजिटल असिस्टेंट से लैस हों।

ताज़ा रिपोर्ट्स के मुताबिक, Apple तीन नए प्रोडक्ट्स पर तेजी से काम कर रहा है। इनमें से एक मौजूदा प्रोडक्ट का अपग्रेड वर्जन होगा, जबकि दो डिवाइस बिल्कुल नई कैटेगरी में पेश किए जा सकते हैं। खास बात यह है कि तीनों डिवाइस में एडवांस्ड AI फीचर्स और नया Siri इंटीग्रेशन मिलेगा।

कैमरा-इनेबल्ड AirPods: सिर्फ म्यूजिक नहीं, विजुअल समझ भी

Apple अपने वायरलेस ईयरबड्स को अगली लेवल पर ले जाने की तैयारी में है। रिपोर्ट्स के अनुसार, कंपनी ऐसे AirPods पर काम कर रही है जिनमें खास तरह का IR (इन्फ्रारेड) आधारित कैमरा होगा। यह पारंपरिक कैमरे की तरह फोटो या वीडियो शूट नहीं करेगा। बल्कि इसका इस्तेमाल “विजुअल इंटेलिजेंस” के लिए किया जाएगा- यानी आसपास के माहौल को समझने और AI को बेहतर डेटा देने के लिए। अटकलें हैं कि बिल्ट-इन कैमरा वाले ये AirPods इसी साल लॉन्च हो सकते हैं, हालांकि कंपनी ने अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

स्मार्ट पेंडेंट: गले में लटकने वाला AI डिवाइस

Apple एक ऐसे वियरेबल डिवाइस पर भी काम कर रहा है जिसे पेंडेंट की तरह पहना जा सके या कपड़ों पर क्लिप किया जा सके। आकार में यह AirTag जैसा हो सकता है, लेकिन फीचर्स के मामले में काफी एडवांस्ड रहेगा। इसमें कैमरा, माइक्रोफोन और स्पीकर दिए जा सकते हैं, जिससे यूजर सीधे डिवाइस से बातचीत कर सके। यह डिवाइस खास तौर पर उन लोगों को ध्यान में रखकर तैयार किया जा रहा है जो स्मार्ट ग्लासेस या AirPods इस्तेमाल नहीं करना चाहते, लेकिन AI असिस्टेंट की सुविधाएं चाहते हैं।

स्मार्ट ग्लासेस: Meta को टक्कर देने की तैयारी

वियरेबल टेक्नोलॉजी की दौड़ में Apple अब सीधे Meta जैसी कंपनियों को चुनौती देने की तैयारी में है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, कंपनी अपना पहला AI-पावर्ड स्मार्ट चश्मा इसी साल लॉन्च कर सकती है। इसमें कैमरा और स्पीकर जैसे फीचर्स होंगे, लेकिन लेंस में डिस्प्ले नहीं दिया जाएगा। इसके अलावा Apple एक एडवांस्ड AR (ऑगमेंटेड रियलिटी) स्मार्ट ग्लासेस पर भी काम कर रहा है। इस डिवाइस के दोनों लेंस में डिस्प्ले होगा और इसे 2028 तक लॉन्च किए जाने की उम्मीद है। हालांकि, “Apple Intelligence” को पूरी तरह परफेक्ट बनाने में देरी के कारण इस हाई-एंड डिवाइस की लॉन्चिंग आगे खिसक सकती है।


Edited by:Parveen Kumar

Latest News