Tuesday, June 9, 2026-2:50 AM
टेक डेस्कः दिग्गज टेक कंपनी Apple ने अपने वार्षिक वर्ल्डवाइड डेवलपर्स कॉन्फ्रेंस (WWDC 2026) में सॉफ्टवेयर अपडेट्स का पिटारा खोल दिया है। इस बार कंपनी ने अपने पूरे सॉफ्टवेयर ईकोसिस्टम को 'एपल इंटेलिजेंस' (Apple Intelligence) के साथ नई ऊंचाइयों पर पहुंचाने का दावा किया है।
Siri अब बना स्मार्ट चैटबॉट
एपल ने अपने वॉयस असिस्टेंट Siri में सबसे बड़ा बदलाव किया है। अब यह केवल एक वॉयस फीचर नहीं, बल्कि एक स्टैंडअलोन ऐप के रूप में काम करेगा। इसमें डार्क थीम वाला नया चैटबॉट स्टाइल यूजर इंटरफेस (UI) दिया गया है, जो यूजर के अनुभव को पूरी तरह बदल देगा।
AI से खुद बनाएं Genmoji और तस्वीरें
कंपनी ने 'एपल इंटेलिजेंस' के तहत Genmoji और Image Playground जैसे दिलचस्प फीचर्स पेश किए हैं। अब यूजर्स AI की मदद से अपनी पसंद के अनुसार इमोजी (Genmoji) बना सकेंगे। साथ ही, कंपनी का दावा है कि अब AI के जरिए बनाई गई तस्वीरें पहले की तुलना में कहीं ज्यादा वास्तविक (Real) दिखेंगी, जो पहले कुछ हद तक कार्टून जैसी लगती थीं।
राइटिंग टूल्स और कैमरा में बड़े बदलाव
- राइटिंग टूल्स: एपल ने सिस्टम में इन-बिल्ट AI ग्रामर चेक फीचर जोड़ा है, जो स्पेलिंग चेक के साथ मिलकर आपकी लिखावट को बेहतर बनाएगा।
- कैमरा कस्टमाइजेशन: फोटोग्राफी के शौकीनों के लिए कैमरा कंट्रोल को और भी लचीला बनाया गया है। अब यूजर्स फ्लैश को अपनी पसंद से व्यवस्थित कर सकेंगे और उन्हें टाइमर, एक्सपोजर और डेप्थ ऑफ फील्ड पर ज्यादा कंट्रोल मिलेगा।
रफ्तार में भी मारी बाजी:
iOS 27 नया iOS 27 पहले से कहीं ज्यादा स्टेबल और तेज है। कंपनी के अनुसार, इसमें ऐप लॉन्च होने की रफ्तार में 30 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है। इसके अलावा, फोटो खींचने के बाद अब वे 70 प्रतिशत ज्यादा तेजी से लोड होंगी, जिससे यूजर्स का काफी समय बचेगा।
Edited by:Pardeep