Tuesday, June 21, 2022-2:45 PM
ऑटो डेस्क: इलेक्ट्रिक व्हीकल की रेंज ही है जिसकी वजह से लोग इन्हें सबसे ज्यादा पसंद करते हैं। खासकर इलेक्ट्रिक कार की रेंज जितना ज्यादा होगी लोगों का उस पर भरोसा उतना ज्यादा होगा। रेंज का ऐसा ही कारनामा चीनी की कंपनी BYD (Build Your Dreams) ने किया।

कंपनी ने नवंबर साल 2021 में इंडियन मार्केट में अपनी इलेक्ट्रिक MPV BYD e6 को लॉन्च किया था।अब इस कार ने मुंबई से दिल्ली तक का सफर करके रिकॉर्ड बना दिया है। इस ई-कार ने 6 दिन में 9 शहरों,4 राज्यों से होते हुए मुंबई से दिल्ली तक 2203 किलोमीटर का सफर तय किया। इस यात्रा के दौरान E6 नेशनक पार्क्स के ईको-सेंसिटिव जोन्स से भी गुजरी है।इस आंकड़े के साथ BYD E6 इतनी लंबी दूरी तय करने वाली भारत की पहली इलेक्ट्रिक कार बन गई है।

चीनी कंपनी BYD भारत में 2007 से कारोबार कर रही है। कंपनी भारत में मुख्य रूप से बसों और ट्रकों की मैन्युफैक्चरिंग करती है लेकिन भारत में इलेक्ट्रिक व्हीकल की बढ़ती मांग को देखते हुए कंपनी ने कमर्शियल पैसेंजर कार सेगमेंट में कदम रखने का फैसला किया। उसका कहना है कि भविष्य में वह पैसेंजर व्हीकल सेगमेंट में भी इलेक्ट्रिक कार लॉन्च करेगी।

BYD e6 में 71.7 kWh की ब्लेड बैटरी का इस्तेमाल किया गया है। कंपनी ने ये तकनीक 2020 में पेश की थी और ग्लोबल लेवल पर सेफ्टी, रेंज और लंबी उम्र के लिए इस बैटरी ने अपना नाम बनाया है। यह WLTP रेटिंग के अनुसार शहर की परिस्थितियों में सिंगल चार्ज पर 520 किलोमीटर की रेंज देती है।

यह एमपीवी 70kWh इलेक्ट्रिक मोटर द्वारा संचालित होती है जो 180 न्यूटन मीटर का पीक टॉर्क उत्पन्न करने में सक्षम है। इस इलेक्ट्रिक MPV की टॉप स्पीड 130 किमी प्रति घंटा है। MPV e6 को AC और DC दोनों फास्ट चार्जिंग सुविधाओं के जरिए रिचार्ज किया जा सकता है। ये 30 से 80% तक सिर्फ आधे घंटे में चार्ज हो जाती है।
भारत में BYD e6 को की एक्स-शोरूम कीमत 29.15 लाख रुपए है। इसे दिल्ली, मुंबई, चेन्नई, बेंगलुरु और हैदराबाद जैसे प्रमुख मेट्रो शहरों के अलावा विजयवाड़ा, अहमदाबाद और कोच्चि जैसे अन्य शहरों से खरीद सकते हैं।
Edited by:Smita Sharma