नेशनल डेस्क : भारतीय मिडसाइज SUV सेगमेंट में प्रतिस्पर्धा लगातार बढ़ रही है, लेकिन इसी बीच एक SUV ने ऐसा मुकाम हासिल कर लिया है, जिसने ऑटो इंडस्ट्री का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है। खास बात यह है कि लॉन्च के करीब पांच साल बाद इस SUV ने 1 लाख बिक्री का आंकड़ा पार कर लिया है।
हम बात कर रहे हैं Skoda Kushaq की। जून 2021 में लॉन्च हुई इस SUV की मई 2026 तक कुल 1,00,838 यूनिट्स की बिक्री हो चुकी है। इसके अलावा कंपनी ने इसकी 4,632 यूनिट्स का निर्यात भी किया है। Kushaq, Skoda के ‘India 2.0’ प्रोग्राम के तहत लॉन्च होने वाली पहली कार थी, जिसे भारतीय ग्राहकों की जरूरतों और बजट को ध्यान में रखकर तैयार किया गया था।
भारत के लिए खास तौर पर तैयार की गई SUV
Skoda Kushaq MQB-A0-IN प्लेटफॉर्म पर आधारित कंपनी की पहली प्रोडक्शन कार थी। यही प्लेटफॉर्म बाद में Skoda Kylaq में भी इस्तेमाल किया गया। जनवरी 2025 में लॉन्च हुई Kylaq अब तक 66,826 यूनिट्स की बिक्री के साथ कंपनी की सबसे ज्यादा बिकने वाली कार बन चुकी है।
शुरुआत शानदार, लेकिन बाद में आई गिरावट
Kushaq की शुरुआत बेहद दमदार रही थी। वित्त वर्ष 2022 में इसकी 21,427 यूनिट्स बिकी थीं, जो Skoda की कुल SUV बिक्री का लगभग 98 प्रतिशत हिस्सा थीं। वित्त वर्ष 2023 इसके लिए अब तक का सबसे सफल साल साबित हुआ, जब 25,300 यूनिट्स की बिक्री दर्ज की गई।
हालांकि, इसके बाद बिक्री में गिरावट का दौर शुरू हो गया। वित्त वर्ष 2024 में बिक्री घटकर 23,396 यूनिट्स रह गई। वित्त वर्ष 2025 में यह आंकड़ा 17,363 यूनिट्स पर पहुंचा और वित्त वर्ष 2026 में बिक्री घटकर सिर्फ 10,191 यूनिट्स रह गई। विशेषज्ञों के मुताबिक, बढ़ती प्रतिस्पर्धा और Kylaq की लोकप्रियता इसके प्रमुख कारण रहे।
अब इन दिग्गजों से है सीधी टक्कर
मौजूदा समय में Kushaq का मुकाबला Hyundai Creta, Kia Seltos, Maruti Suzuki Grand Vitara और Tata Sierra जैसी मजबूत SUVs से है। ऐसे में इस सेगमेंट में अपनी पकड़ बनाए रखना Skoda के लिए आसान नहीं है।
फेसलिफ्ट मॉडल से फिर जगी उम्मीद
मार्च 2026 में Skoda ने Kushaq का फेसलिफ्ट मॉडल लॉन्च किया। इसकी शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 10.69 लाख रुपये है, जबकि टॉप वेरिएंट की कीमत 18.99 लाख रुपये तक जाती है। नई Kushaq में 1.0-लीटर और 1.5-लीटर टर्बो-पेट्रोल इंजन का विकल्प मिलता है। इसके अलावा नया डिजाइन, एडवांस फीचर्स, मजबूत बिल्ड क्वालिटी और बेहतर ड्राइविंग अनुभव इसे पहले से ज्यादा आकर्षक बनाते हैं।
ग्राहकों की सकारात्मक प्रतिक्रिया का असर बिक्री पर भी दिखाई दिया है। मार्च से मई 2026 के बीच कंपनी ने नई Kushaq की 5,468 यूनिट्स डीलरशिप्स तक भेजीं, जो पिछले साल की समान अवधि के मुकाबले 135 प्रतिशत ज्यादा हैं।
अब बड़ा सवाल यह है कि क्या Kushaq इस नई रफ्तार को लंबे समय तक बरकरार रख पाएगी, या फिर मिडसाइज SUV सेगमेंट की कड़ी प्रतिस्पर्धा इसकी राह मुश्किल बना देगी? आने वाले महीनों में इसका जवाब साफ हो जाएगा।
Edited by:Parveen Kumar